गौ सेवा समिति ग्रुप ने पूर्णिमा पर किया गौ पूजन एवं गो-ग्रास सेवा

इंदौर। भादव मास की पूर्णिमा तिथि एवं पितृपक्ष के शुभारंभ अवसर पर रविवार, 7 सितंबर को गौ सेवा समिति ग्रुप के सदस्यों ने मातृशक्ति एवं बच्चों के साथ मिलकर गौशाला पहुंचकर गौ माता की सेवा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
ग्रुप के सदस्य बड़ी संख्या में श्री कृष्ण गौशाला, फूटी कोठी (अग्रसेन धाम) पहुंचे, जहां उन्होंने हरी मक्का की घास, पौष्टिक लड्डू, दलिया, गुड़ के लड्डू एवं गेहूं का भूसा अर्पित कर गो-ग्रास सेवा की। साथ ही शहर की अन्य गौशालाओं के लिए भी सहयोग राशि प्रदान की गई।
इस अवसर पर गौ माता का पूजन, आरती एवं प्रसाद वितरण किया गया। विद्वान सदस्यों के सानिध्य में मंत्रोच्चार के बीच कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इसके पश्चात परंपरा अनुसार सभी सदस्यों का गौ माता की पूंछ से, जिसमें श्री हनुमान जी का वास माना जाता है, नजर उतारी गई।
गौ सेवा समिति के प्रमुख सदस्य विजय शारदा, श्याम श्री, चंद्रशेखर नीमा, अनुराग नीमा एवं विष्णु गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि समिति विगत कई वर्षों से प्रत्येक माह की पूर्णिमा और अमावस्या पर विभिन्न गौशालाओं में जाकर गौ सेवा करती आ रही है। आज भी बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहकर इस पुण्य कार्य में सहभागी बने।
इंदौर शहर में गौ माता के प्रति गहरी श्रद्धा और आस्था का यह उदाहरण अपने आप में विशेष है।