देवास जिला जेल में भव्य गणेश महाआरती, सुधार का संदेश लेकर पहुँचे डीजी जेल

देवास। जिला जेल देवास में गणेश उत्सव के अवसर पर ‘जेल गेट के राजा’ की महाआरती एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। पूरा जेल परिसर भक्ति और सांस्कृतिक माहौल से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएँ, आई.पी.एस. वरुण कपूर शामिल हुए। उनके साथ अतिरिक्त महानिरीक्षक संजय पाण्डेय और उज्जैन सेन्ट्रल जेल अधीक्षक मनोज साहु उपस्थित रहे। जिला जेल अधीक्षक हिमानी मनवारे और उपअधीक्षक अनिल दुबे ने अतिथियों का स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत महिला व पुरुष बंदियों द्वारा भक्तिमय नृत्यों और भजनों से हुई। “जय देव जय देव” और “गाजा गाजा गण राज” जैसे गीतों पर प्रस्तुतियाँ दी गईं। स्थानीय गायक द्वारिका मंत्री की कीर्तन मंडल ने भजन संध्या से वातावरण को और भी भक्तिरस से भर दिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त महानिदेशक संजय पाण्डेय ने वरुण कपूर के सुधारात्मक कार्यों को प्रेरणादायी बताया। विशेष अतिथि बिजेंद्र सिंह बैंक ऑफ़ बड़ोदा के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी ने भी उनके महत्वपूर्ण नेतृत्व की सराहना की।
अपने उद्बोधन में डीजी जेल वरुण कपूर ने कहा—
“हर बंदी में सुधार की संभावना होती है। समाज की जिम्मेदारी है कि भटके हुए व्यक्तियों को सही दिशा दिखाए।”
उन्होंने शिक्षा, खेलकूद, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श, पुस्तकालय, योग और व्यावसायिक शिक्षा जैसे सुधारात्मक उपायों को बंदियों के पुनर्वास के लिए आवश्यक बताया। श्री कपूर ने कहा कि देवास जेल की पहल सीमित संसाधनों में भी अनुकरणीय है।
कार्यक्रम के समापन पर सभी अधिकारी बंदियों के साथ महाआरती में शामिल हुए और गणेशोत्सव की मंगलकामनाएँ दीं। पूरा जेल परिसर श्रद्धा, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत नजर आया।