https://truth24.live/wp-content/uploads/2024/01/jjujuu.gifमध्य प्रदेशशाजापुर
Trending

सभी वर्गों के जीवन में बदलाव लाने का कार्य सरकार कर रही है- मंत्री श्री परमार

कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने विजन डॉक्यूमेंट-2047 में किये जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

सभी वर्गों के जीवन में बदलाव लाने का कार्य सरकार कर रही है- मंत्री श्री परमार

विकसित मध्यप्रदेश-2047 विजन के लिए जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन

      शाजापुर, 02 जनवरी 2025/ मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश के सर्वांगीण और समावेशी विकास की दिशा में अग्रसर होने एवं वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ-साथ मध्यप्रदेश को भी विकसित राज्य बनाने के उद्देश्य से ‘विकसित मध्यप्रदेश @2047 विजन डॉक्यूमेंट (रोडमैप) तैयार करने व शुजालपुर विधानसभा के 2047 विजन डॉक्युमेंट के लिए आज प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री श्री इन्दरसिंह परमार के नेतृत्व में जवाहरलाल नेहरू स्मृति महाविद्यालय शुजालपुर में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।

       मंत्री श्री परमार ने संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने ‘विकसित मध्यप्रदेश @2047 विजन डॉक्यूमेंट को लेकर मिशन मोड पर कार्य प्रारंभ किया है। 2047 का गांव, नगर, मध्यप्रदेश और भारत देश कैसा हो, इस पर विमर्श के लिए कार्य प्रारंभ किया है। अपने देश को दुनिया का सबसे उत्कृष्ट देश बना सकें, इसको लेकर 2047 के विजन डॉक्यूमेंट बनाया जा रहा है। भारत में गरीबो के जीवन में बदलाव लाने के लिए भारत एवं मध्यप्रदेश की सरकार ने बहुत सारी योजनाए प्रारंभ की है। भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मध्यप्रदेश की सरकार किसानों, युवाओं व गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।

       मंत्री श्री परमार ने कहा कि हमारे युवा ज्यादा से ज्यादा स्किल्‍ड बेस्ट व्यवस्था बनाकर रखें और अपना रोजगार स्थापित कर अन्य लोगों को भी रोजगार देने वाले बनें। बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए सरकार औद्योगिक इकाई स्थापित कर रोजगार दे रही है। उन्होंने बताया कि शुजालपुर, अकोदिया, सुन्दरसी, कालीसिंध आदि जगह औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने के लिए आगे बढ़कर कार्य किया जा रहा है।

      मंत्री श्री परमार ने कहा कि कृषि के क्षेत्र में निरंतर सुधार किये जा रहे हैं। किसान जैविक खेती को अपनाएं तथा रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम से कम करें। साथ ही उन्होंने कहा कि किसान भाई फसल चक्र में भी परिवर्तन करें। उन्होंने बताया कि किसान जब भी प्रशिक्षण के लिए भ्रमण पर जाएं तो वहां से खेती की पद्धति को सीखकर आएं तथा अपने खेतों में उन पद्धतियों का उपयोग करें। उन्होंने 2047 के लिए किसान, युवा, महिलाओं के योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। साथ ही उन्होंने बताया कि आगामी समय में सभी किसानों के खेतों पर शतप्रतिशत सोलर पंप लगाने का कार्य भी राज्य सरकार द्वारा किया जायेगा। उन्होंने उपस्थित किसानों से जैविक खेती करने, सोलर पैनल लगाने के लिए किसानों को प्रेरित करने के लिए कहा। इस दौरान उन्होंने योग के महत्व को बताते हुए कहा कि योग हमारे जीवन का अनिवार्य हिस्सा है। योग के माध्यम से सभी प्रकार की बीमारियों से बचा जा सकता है। आगामी समय में हम सभी को आयुर्वेदिक की ओर जाना पड़ेगा।

      इस दौरान मंत्री श्री परमार ने बताया कि विभिन्न सिंचाई लिंक परियोजना के माध्यम से जिले के सभी किसानों को जोड़ा जा रहा है, जिससे उनके खेतों में पर्याप्त मात्रा में सिचाई के लिए पानी मिलेगा। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सुन्दरसी, गुलाना, कालीसिंध को नगर पंचायत बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन नगर पंचायत में आगामी समय में उद्योग इकाइयां भी स्थापित की जाएगी, जिससे वहां के युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।

इस अवसर पर मंत्री श्री परमार ने शुजालपुर विधानसभा में विजन डॉक्यूमेंट-2047 में किये जाने वाले विकास कार्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने उपस्थित सभी सरपंचों से कहा कि वो भी अपने गांव के विकास को लेकर विजन डॉक्यूमेंट बनाएं और उन पर कार्य करें। उन्होंने सभी से कहा कि वे अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में पानी रोकने का काम जनआंदोलन के रूप में करें। बिना वजह कोई वृक्षों की कटाई करता है तो उन पर कानूनी कार्रवाई करवाएं। ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक का उपयोग नहीं करें।  उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि समूह नलजल योजना के माध्यम से जिले के लगभग 592 ग्रामों में नलजल योजना के कनेक्शन दिये जा रहे हैं। इसी तरह शुजालपुर विधानसभा की लगभग शतप्रतिशत सड़कें बन गई हैं। शुजालपुर विधानसभा क्षेत्र में विजन डॉक्यूमेंट-2047 को लेकर निरंतर विकास के कार्य किया जा रहे हैं, साथ ही उन्होंने उपस्थितजनों से 2047 को लेकर किए जाने वाले कार्यों के विचार भी आमंत्रित किया।

       जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हेमराज सिंह सिसोदिया ने संबोधित करते हुए कहा कि विजन डॉक्यूमेंट-2047 को लेकर प्रधानमंत्री जी की सोच है कि किसानों, महिलाओं, युवाओं आदि वर्गों के लिए विकास की योजना बनाना है। जिससे उनका विकास किस प्रकार हो इसको लेकर कार्य किया जा रहा है। साथ ही साथ भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा हर वर्ग के व्यक्ति के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने विजन डॉक्यूमेंट-2047 को लेकर अपने सुझाव भी दिए।

     कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने विजन डॉक्यूमेंट-2047 में किये जाने वाले कार्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विजन डॉक्यूमेंट 2047 का मध्यप्रदेश किस स्वरूप में रहेगा, उस स्वरूप को चिंहांकित करने के लिए जनसंवाद के कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इसमें विभिन्न वर्गों के समावेशी विकास,  पिछड़ा वर्ग, महिलाओ, कन्याओं, युवाओं, किसानों, क्षेत्र की समस्याओं आदि वर्गों के उत्थान एवं समस्याओं के निराकरण के लिए क्या-क्या किया जा सकता है, इसके लिए लोगों के सुझाव और समस्याओं के लिए जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से सुझाव लिए जा रहे हैं।

     जनसंवाद कार्यक्र में किसानों, युवाओं, उद्योगपतियों, स्वसहायता समूह की महिलाओं, डॉक्टर्स, पत्रकार, सरपंच आदि ने विकसित भारत 2047 को लेकर अपने-अपने सुझाव भी दिये। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आनंद अजनोदिया ने किया तथा आभार अनुविभागीय अधिकारी शुजालपुर श्रीमती अर्चना कुमारी ने आभार माना।

     इस अवसर पर श्री अशोक नायक, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती बबीता परमार, जनपद पंचायत अध्यक्ष शुजालपुर सुश्री सीतादेवी पाटोंदिया, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत शुजालपुर सुश्री मंजू देवी मेवाडा, नगरपरिषद अकोदिया अध्यक्ष श्रीमती रचना शर्मा, श्री विजय सिंह बैस, विभिन्न विभागों के अधिकारी, युवा, महिलाएं, किसान, सरपंच, पत्रकारगण आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!